कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 को शनिवार को 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 36.58 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 39.50 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया।
लोकार्पित कार्यों में वार्ड 65 के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में नवीन भवन और शौचालय निर्माण (16.58 लाख रुपये) तथा वार्ड 66 में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन शामिल हैं। वहीं वार्ड 61, 63, 64 और 65 में दुर्गा मंदिर परिसर, सांस्कृतिक मंच, शौचालय, अतिरिक्त कक्ष तथा मंच व शेड निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग, रोजगार और आधारभूत संरचना का विस्तार हो रहा है तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न मदों से लगभग 1,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और कोरबा लगातार विकास की नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


