रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में ‘नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के जरिए अधिक सरल, पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव तथा न्यायमूर्ति चंद्रवंशी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी, पुलिस एवं अभियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यशाला में भाग लेंगे।
डिजिटल तकनीक से मजबूत होगी न्याय प्रणाली
कार्यशाला में अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS), डिजिटल न्यायिक समन्वय, नए आपराधिक कानूनों के तहत तकनीकी एकीकरण और न्याय व्यवस्था के डिजिटलीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
विशेषज्ञ देंगे तकनीकी प्रशिक्षण
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के वरिष्ठ विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण और विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटल प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना है।
त्वरित और पारदर्शी न्याय की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग से न्यायिक प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनेगी। यह कार्यशाला नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


