रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 3 दिन से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को रावाभाठा मैदान में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान 23 वर्षीय पवन टंडन के रूप में हुई है। युवक 5 अगस्त से लापता था और परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, पवन टंडन के परिजनों ने उसके लापता होने के बाद काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार को स्थानीय लोगों ने रावाभाठा मैदान में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की हत्या कर शव को सीमेंट पाइप में छिपाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किस वजह से हुई और उसकी हत्या की गई थी या नहीं, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस मृतक के परिजनों और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक के पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम और उसकी गुमशुदगी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


