रायपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक स्थित खमरिया बालिका छात्रावास की छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड पर निजी काम करवाने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर संबंधित गार्ड को छात्रावास से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य राधा रवि अचानक खमरिया बालिका छात्रावास पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से भोजन, पढ़ाई और रहने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसी दौरान कुछ छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड के खिलाफ शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनसे गार्ड अपनी वर्दी धुलवाती है और रात में मालिश भी करवाती है।
छात्राओं ने बताया कि निजी काम करने से मना करने पर उन्हें दूसरे कमरे में बंद करने और छात्रावास से बाहर निकलवाने की धमकी दी जाती है। छात्राओं ने अपनी परेशानी जिला पंचायत सदस्य के सामने रखी, जिसके बाद मामले की जानकारी जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को दी गई।
शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंडल संयोजक के अनुसार, शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर संबंधित सुरक्षा गार्ड को छात्रावास से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही अन्य छात्रावासों का भी निरीक्षण करने की बात कही गई है, ताकि इस तरह की शिकायतों की स्थिति का जायजा लिया जा सके और छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सके।


