रायपुर (CITY HOT NEWS)। रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के वादे का प्रतीक है। इस पावन पर्व से ठीक पहले विष्णु भैय्या की छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ने जिले की हजारों महिलाओं के जीवन में स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिठास घोल दी है। योजना के तहत सीधे बैंक खातों में पहुंच रही राशि महिलाओं के लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने सामर्थ्य से त्योहार की खुशियां मनाने का सशक्त माध्यम बन गई है।
धमतरी जिले की मुजगहन निवासी मंजू यादव, धमतरी की शिवानी साहू और पोटियाडीह की मीनाक्षी निर्मलकर के लिए महतारी वंदन योजना आत्मसम्मान का संबल बनी है। मुजगहन की मंजू यादव खुशी जाहिर करते हुए बताती हैं कि इस बार विष्णु भैय्या की ओर से मिली राशि से वे रक्षाबंधन पर अपने लिए नई साड़ी खरीदेंगी। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि के कारण अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
धमतरी की शिवानी साहू ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले बच्चों के लिए त्योहार पर मिठाई या छोटी-मोटी चीजें खरीदने के लिए भी दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी। अब महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से वे खुद बच्चों के लिए मिठाई और जरूरी सामान खरीद रही हैं।
इसी तरह पोटियाडीह की मीनाक्षी निर्मलकर के लिए इस बार का रक्षाबंधन और भी खास हो गया है। वे बताती हैं कि इस बार अपने भाइयों के लिए राखी, मिठाई और उपहार वह अपने खुद के पैसों से खरीदेंगी। त्योहार से ठीक पहले मिली यह राशि उनके लिए किसी भाई के अनमोल उपहार से कम नहीं है।
लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपना ‘बड़ा भाई’ बताया। महिलाओं का कहना है कि हर महीने नियमित रूप से मिलने वाली वित्तीय सहायता से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी अधिक सक्षम महसूस कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है। नियमित आर्थिक संबल मिलने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्चों और तीज-त्योहारों की तैयारियों को पूरा करने में अधिक सक्षम हो रही हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर मिली यह राशि महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और आर्थिक सुरक्षा के सहारे के रूप में सामने आई है।


