रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:20 बजे वे सलियाटोली हेलीपेड पहुंचेंगे, जहां से कार द्वारा कुनकुरी जाएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक कुनकुरी में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 3:30 बजे कुनकुरी से रवाना होकर शाम 4 बजे बगिया पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
इधर, छत्तीसगढ़ की महान समाजसेविका और जननेता मिनीमाता की पुण्यतिथि पर 11 अगस्त को रायपुर के न्यू बस स्टैंड पंडरी स्थित उनकी प्रतिमा के सामने सुबह 11 बजे पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थितजन मिनीमाता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। नगर निगम के संस्कृति विभाग और जोन क्रमांक-2 द्वारा कार्यक्रम स्थल की विशेष साफ-सफाई, पुष्प सज्जा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस दौरान मिनीमाता के सामाजिक योगदान, समाज सुधार और जनसेवा को याद किया जाएगा।
वहीं, अखिल भारतीय संत समिति की ओर से मंगलवार 11 अगस्त को राजधानी रायपुर में विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह प्रदर्शन श्री दूधाधारी सत्संग भवन, मठपारा (टिकरापारा) में आयोजित किया जाएगा। समिति सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद के खिलाफ विरोध जताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग करेगी। समिति का आरोप है कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई चोरी के मामले में संत समाज और पुजारियों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। समिति का कहना है कि मंदिर में चोरी संत समाज या पुजारी द्वारा नहीं, बल्कि कर्मचारियों द्वारा की गई है।
राजधानी में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागों और आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जशपुर दौरे के दौरान कुनकुरी की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि रायपुर में मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और संत समिति के विरोध प्रदर्शन पर भी लोगों की नजर रहेगी।


