रायपुर, 10 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर अब आधुनिक शहर के साथ-साथ हॉस्पिटैलिटी और बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में अपने प्रतिष्ठित Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की है।
111 कमरों वाला होटल
प्रस्तावित Ginger Hotel में 111 कमरे होंगे। इसे ब्राउनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है।
होटल में आधुनिक कमरे, Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे व्यावसायिक यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन और अवकाश के लिए नवा रायपुर आने वाले यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
CM विष्णु देव साय ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी कंपनी IHCL का Ginger Hotel लाना छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और नवा रायपुर की राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार नवा रायपुर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ओपी चौधरी ने बताया बदलते नवा रायपुर की पहचान
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में Ginger Hotel का आगमन शहर के तेजी से विकसित होते बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि नवा रायपुर में निवेश करने वाले उद्यमियों और देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों को आधुनिक और सुविधाजनक इकोसिस्टम उपलब्ध कराया जाए।


