रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी का संज्ञान लिया है। सड़क की स्थिति से संबंधित वायरल वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
CM साय ने कलेक्टर को तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
गड्ढे भरने और जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सभी कलेक्टरों को सड़कों की निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
बारिश में सड़क सुरक्षा पर विशेष सतर्कता
CM साय ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
आवश्यकतानुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून में सड़कें रहें आवागमन योग्य
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं अथवा बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए हर जरूरी उपाय किया जाना चाहिए।
किसी भी एजेंसी की सड़क हो, समस्या का हो त्वरित समाधान
CM साय ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
उन्होंने कलेक्टरों को अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के बाद निर्माण कार्यों में लाई जाए तेजी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण एवं स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो। इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।


