रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही आवागमन की परेशानी को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति से संबंधित वायरल वीडियो का संज्ञान लिया।
CM साय ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर को तत्काल मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
गड्ढे भरने और जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सभी कलेक्टर नियमित रूप से करें सड़कों की निगरानी
CM साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता के अनुसार अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं या बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
सड़क को चलने योग्य बनाए रखना जरूरी
CM साय ने कहा कि स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए हर आवश्यक उपाय किया जाना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित सड़क हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
अधिक यातायात वाली सड़कों की होगी नियमित समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को अपने जिले में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्माण एजेंसियों के साथ सतत समन्वय और मॉनिटरिंग जरूरी है।
मानसून के बाद निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
CM साय ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को लंबे समय तक आवागमन की परेशानी का सामना न करना पड़े।


