मुख्यमंत्री साय ने प्रज्वलित किया ‘आशीर्वाद का दीया’
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित 25 वर्ष
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। गरीब कल्याण से लेकर सुशासन, अंत्योदय से लेकर आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक उनकी यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा और जनभागीदारी का भाव दिखाई दे रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी आत्मीय भावना की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि यह छोटा-सा दीप प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा तथा जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की शक्ति बनें।


