रायगढ़। जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत खर्राघाट में केलो नदी की सफाई के लिए वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षद, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी-सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान 800 से अधिक लोगों ने एकजुट होकर खर्राघाट में श्रमदान किया और केलो नदी तथा उसके दोनों तटों की सफाई की।
नदी में उतरकर जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
अभियान के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महापौर जीवर्धन चौहान और एमआईसी सदस्य आनंद भगत ने स्वयं नदी में उतरकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने नदी में तैरते हुए केलो नदी को पार किया और पानी में मौजूद मूर्ति विसर्जन के अवशेष, फूल-पत्तियां और अन्य कचरा निकालकर सफाई की।
जनप्रतिनिधियों के नदी में उतरकर श्रमदान करने से अभियान में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ा। खर्राघाट के दोनों छोर और पुल पर बड़ी संख्या में लोग मानव श्रृंखला बनाकर श्रमदान करते रहे।
नदी के दोनों तटों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया गया। खर्राघाट पुल के नीचे मूर्ति विसर्जन के बाद फंसे फूल-पत्तियों, झाड़ियों और अन्य अवशेषों को निकालने के लिए जेसीबी, मशीनों और रस्सियों की सहायता ली गई।
कमिश्नर ने जताया आभार
नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अभियान में शामिल जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और शहरवासियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि केलो नदी की स्वच्छता केवल नगर निगम या जिला प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। बड़ी संख्या में शहरवासियों और सामाजिक संगठनों का एकजुट होकर श्रमदान करना स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी की सकारात्मक मिसाल है।
नदी में कचरा नहीं डालने की अपील
कमिश्नर ने शहरवासियों से केलो नदी और उसके तटों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी में किसी भी प्रकार का कचरा, पूजन सामग्री या अन्य अपशिष्ट नहीं डालना


