बालोद, 05 नवंबर 2026। दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बुधवार को बालोद जिले के उनके गृह ग्राम भेंड्रा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत विधायक के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान, जनसेवा के प्रति समर्पण और लोगों के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को सदैव याद किया जाएगा। उनका सरल व्यवहार, स्नेह और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के हृदय में हमेशा बनी रहेगी।
सभा के दौरान सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें संबल प्रदान किया। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

