जशपुर, नवंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने अभिनव पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। थोड़ी सी सावधानी न केवल हमारा जीवन सुरक्षित रख सकती है, बल्कि परिवार को भी अपूरणीय क्षति से बचा सकती है। उन्होंने नागरिकों से हर सफर में हेलमेट का उपयोग करने और सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक आदत बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर पुलिस का हेलमेट बैंक जनहितकारी नवाचार है। इससे जरूरतमंद नागरिकों को व्यावहारिक सहायता मिलने के साथ यातायात नियमों के पालन के लिए भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जरूरतमंदों को अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट
जशपुर पुलिस द्वारा संचालित हेलमेट बैंक की विशेषता यह है कि किसी आवश्यक कार्य से अचानक निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट उपलब्ध नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की आर्थिक सुविधा नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा। नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराया गया हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के लिए विशेष अभियान
जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है।
जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट के उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

