जशपुर, 05 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा इंडस टावर्स के सहयोग से संचालित यह पहल जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा देगी। इसके माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित अन्य नागरिकों को आधुनिक डिजिटल तकनीक का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज डिजिटल साक्षरता केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। ऐसी पहल ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के साथ उनके कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का अवलोकन कर उसमें उपलब्ध आधुनिक डिजिटल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में स्थापित डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास को ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
गांव-गांव पहुंचकर दिया जाएगा एक महीने का निःशुल्क प्रशिक्षण
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन जशपुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर 12 से 60 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों को निःशुल्क डिजिटल शिक्षा एवं कौशल विकास का प्रशिक्षण देगी। इसके तहत एक महीने का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसमें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण नागरिकों को कंप्यूटर एवं डिजिटल उपकरणों के उपयोग, इंटरनेट की बुनियादी जानकारी तथा डिजिटल तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने, तकनीकी कौशल विकसित करने और डिजिटल विभाजन को कम करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण बच्चों, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा लाभ
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन एक चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी। इससे ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर स्थित शहरी प्रशिक्षण केंद्रों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। विशेष रूप से बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपने गांव और आसपास ही आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश तथा एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी मौजूद थे।

