गरियाबंद। जिले में वन विभाग ने तेंदुए की खाल की तस्करी कर रहे पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से बाइक और साइकिल भी बरामद की गई है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश दी गई. जहां तेंदुए के खाल के साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. जिसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया है.तीनों तस्कर तेंदुए के खाल की बिक्री के लिए ग्राहक ढूंढ रहे थे. इसी दौरान उन्हें वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया. सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि 26 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि तेंदुआ की खाल की बिक्री के लिए तीन युवक ग्राहक ढूंढ रहे हैं. जिसके बाद टीम ने 27 नवंबर को टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बिरीघाट चौक के पास दबिश देकर तीनों युवकों को हिरासत में लिया. पकड़े गए पकड़े गए आरोपियों की पहचान कार्तिक गोंड (45), उसके पुत्र गौरांग गोंड (23) और एक अन्य उपेंद्र रावत (25) निवासी ग्राम चक्कामाल ओड़िशा के रूप में हुई है.
तेंदुए की खाल समेत बाइक जब्त
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक तेंदुए की खाल जब्त की गई है. इसके साथ ही बाइक और दो साइकिल भी जब्त की गई है. वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई कर उन्हें गरियाबंद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है.

