कानपुर उत्तर प्रदेश के कानपुर में 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी की दी गई है। बम से उड़ाने की धमकी से भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने सभी स्कूलों में जांच कराई। कुछ स्कूलों ने निजी स्तर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। ईमेल की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इसको भेजने के लिए रूस के सर्वर का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बम से स्कूलों को उड़ाने से धमकी मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। पिछले दिनों में लगातार स्कूलों को उड़ाने की धमकी के मामले सामने आए हैं। गाजियाबाद, जयपुर, गुड़गांव, दिल्ली और लखनऊ के बाद कानपुर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से संबंधित ईमेल भेजा गया है। डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने कहा कि स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
कानपुर के बर्रा स्थित केडीएम स्कूल, नौबस्ता के गुलमोहर स्कूल, नजीराबाद के सनातन धर्म मंदिर स्कूल समेत 10 स्कूलों को मंगलवार को बम से उड़ने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी कॉपियां निकाल कर स्थानीय थानों को भेजा गया। थानों की ओर से मामले की जानकारी उच्च स्तर पर दी गई। ईमेल की जांच शुरू हुई। साथ ही, एहतियातन स्कूलों की जांच भी कराई गई। हालांकि, कहीं से कोई गड़बड़ी नहीं मिली। ईमेल की जांच में पता चला कि यह वाईफाई नेटवर्क या फिर वीपीएन के जरिए भेजा गया है।

