नोएडा के सेक्टर-15 में सिविल इंजीनियर पत्नी की उसके पति ने सिर पर हथौड़ा मार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद भागने के बजाए पति घर में ही रहा। जब बेटा घर लौटा तो मां की लाश देख पुलिस को इसकी जानकारी दी और कमरे में छुपे बैठे अपने पिता को गिरफ्तार करा दिया। पूछताछ में पता चला कि पिछले 10 सालों से एमसीए पास बिहार के चंपारण बिहार निवासी पति ने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर हाउस हसबैंड की तरह रह रहा था और शेयर मार्केट में पैसों का निवेश करता रहता था।
हत्या आरोपी पति ने खुलासा किया कि पिछले छह माह से उसकी पत्नी उसे अनदेखा कर रही थी। आए दिन उस पर गुस्सा करती थी और जलील करती थी। मन में उसके प्रति नफरत इस कदर हो गई कि आज विवाद होने पर गुस्से में आकर उसने पहले चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया फिर हथौड़े से पत्नी के सिर पर वार कर मार डाला।
नोएडा जोन के डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि सेक्टर-15 सी-154 में नुरुल्लाह हैदर (55) का निकाह आसमा खान (42) से करीब 20 साल पहले हुआ था। दोनों के एक बेटा असद और एक बेटी है। बेटा करीब 19 साल का है। वो कोई प्रोफेशनल कोर्स कर रहा है। जबकि बेटी 8वीं क्लास में पढ़ रही है। नुरुल्लाह हैदर 10 सालों से कोई नौकरी नहीं कर रहा था। आसमा सेक्टर-62 की एक कंपनी में सिविल इंजीनियर की नौकरी कर रही थी। आज सुबह जब बच्चे स्कूल चले गए तब पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान नुरुल्लाह हैदर ने चाकू से आसमा पर कई वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसके सिर पर हथौड़ा मार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक नुरुल्लाह को शक था कि उसकी पत्नी आसमा किसी से बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा होता था। हत्या के बाद आराेपी घर में बैठा रहा।

