गुजरात। गुजरात में राज्य सरकार के सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। यह कदम नए मंत्रिमंडल के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगा। मुख्यमंत्री देर रात राज्यपाल को हटाए जाने वाले मंत्रियों के इस्तीफे और नए मंत्रियों की सूची सौंप देंगे।
जी हां, गुजरात की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। भूपेंद्र सरकार के सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा दे दिया है। इससे अब नए मंत्रिमंडल का मार्ग प्रशस्त होगा। कल गुजरात में नए मंत्रिमंडल का शपथग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री देर रात राज्यपाल को हटाए जाने वाले मंत्रियों के इस्तीफे सौंपेंगे। साथ ही नए मंत्रियों के नामों की एक सूची भी सौंपी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले मंत्रिपरिषद का शुक्रवार को विस्तार होगा। भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने पहले ही बताया था कि आगामी कैबिनेट विस्तार में राज्य को करीब 10 नए मंत्री मिल सकते हैं। इतना ही नहीं करीब आधे मौजूदा मंत्रियों को बदला भी जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस बड़े सियासी फेरबदल को लेकर जारी बयान में कहा गया है कि गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल के मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे होगा। मौजूदा गुजरात कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री हैं। 8 कैबिनेट मंत्री हैं, इतने ही राज्य मंत्री हैं। कुल 182 सदस्यों वाली विधानसभा में सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार कैबिनेट में रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोडवाडिया, जीतू वाघानी, हर्ष सांघवी को जगह मिल सकती है। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार गुजरात के मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जा रहा है। सीएम पटेल के नेतृत्व में ये फेरबदल आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के मद्देनजर हो रहा है। अब सरकार फेरबदल करके 2027 के चुनाव में अपनी जीत को लेकर सभी समीकरणों को साधने की कोशिश में लगी हुई है।

