रायपुर। राजधानी के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गुस्से में आकर एक बेटे ने अपने ही पिता की हसिया से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत हाल ही में खरीदी गई बाइक को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि पिता संतोष साहू ने बेटे की नई बाइक में तोड़फोड़ कर दी थी, जिससे राहुल साहू आक्रोशित हो गया। गुस्से में उसने हसिया से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे संतोष साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पिता और बेटे के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था। बाइक खरीदने और पैसे न देने की बात को लेकर हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

