Oplus_16908288
रायपुर। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के लिए गर्व का विषय सामने आया है। संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता 10 से 20 दिसंबर 2025 तक तेलंगाना में आयोजित 32वीं सीनियर एनटीपीसी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंतर्गत हो रही है।
कैलाश मुरारका ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ की ओर से 36 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर भाग ले रहे हैं। इंडियन राउंड वर्ग में प्रदेश के तीरंदाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
30 मीटर स्पर्धा में विकास कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। वहीं 50 मीटर स्पर्धा में चांदनी साहू ने रजत पदक हासिल किया। बालिका टीम ने झारखंड को हराते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि ओलंपिक राउंड में विकास कुमार ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश की पदक तालिका में इजाफा किया।
मुरारका ने कहा कि यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि विकास कुमार और चांदनी साहू दोनों ही जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने सीनियर वर्ग में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह में ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में आयोजित प्रतियोगिता और हाल ही में हुए नेशनल गेम्स में भी इन्हीं खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ के लिए कई स्वर्ण पदक जीते थे। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आगामी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगी, उसमें भी यही खिलाड़ी राज्य को पदक दिलाएंगे।
कैलाश मुरारका ने कहा कि टीम के रायपुर लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, खेल मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, संगठन सचिव आयुष मुरारका, टी.टी. बहरा, आत्माराम सहित कोच, मैनेजर और खिलाड़ियों ने पदक विजेताओं का वंदन-अभिनंदन किया।

