रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को विधानसभा भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय तरीके से संपन्न की गई है। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक कर दिए गए हैं, जिन्हें संबंधित जिले के रिजल्ट पोर्टल पर जाकर देखा जा सकता है। इसके लिए विभाग ने QR कोड भी जारी किए हैं, जो सीधे रिजल्ट पोर्टल तक मार्गदर्शन करते हैं।
विजय शर्मा ने एक अभ्यर्थी के कई स्थानों पर चयन को लेकर उठ रहे सवालों का भी समाधान किया। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा देने की अनुमति खुली प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करते हुए दी गई थी। यदि किसी ने एक से अधिक स्थानों पर शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की, तो लिखित परीक्षा के अंक सभी संबंधित जिलों में जोड़े गए। इसके बावजूद, चयन केवल एक ही स्थान पर होगा, और अन्य स्थानों के पद प्रतीक्षा सूची के अनुसार भरे जाएंगे।
शिकायत निवारण के लिए खुला मंच भी बनाया गया है। एडीजी एसआरपी एसपी कल्लूरी ने बताया कि 19 और 20 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय रायपुर में अभ्यर्थी अपनी शिकायत और प्रमाण के साथ मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपने निवास कार्यालय में अभ्यर्थियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे। जो अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हो सकते, वे अपने संबंधित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से उनसे संपर्क कर सकते हैं।
एडीजी कल्लूरी ने यह भी बताया कि भर्ती में 5,967 पदों के लिए लगभग 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। रिजल्ट 9 दिसंबर को घोषित किए गए थे। उच्च संख्या के कारण कुछ अभ्यर्थियों को शंका होना स्वाभाविक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया नियमों के तहत और पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है। किसी भी आपत्ति या शिकायत का निवारण तथ्य आधारित होगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन अपने युवाओं के भविष्य को गंभीरता से लेता है और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

