भिलाई। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग चिट्टा (हेरोइन) के सेवन और सप्लाई में लिप्त पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ मौजूद दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, एक हुंडई वरना कार, 06 मोबाइल फोन, एल्युमिनियम फॉयल, लाईटर सहित कुल ₹9,87,800 की सामग्री जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 को थाना पुरानी भिलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरसा भाठा मेहंदी बाड़ी के पास स्थित खाली मैदान में एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार में कुछ संदिग्ध युवक सिंथेटिक चिट्टा का सेवन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना पुरानी भिलाई पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोका।
कार के भीतर चल रहा था नशे का सेवन
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार के भीतर धुएं का गुबार भरा हुआ था। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी एल्युमिनियम फॉयल में चिट्टा रखकर लाईटर की सहायता से उसका सेवन कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रवेल सिंह उर्फ जॉनी (निवासी कैलाश नगर, जामुल), दिशान्त (कार चालक, निवासी गनियारी), रोहित गुप्ता (निवासी संगम चौक, खुर्सीपार) और ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह (निवासी सुभाष मार्केट, खुर्सीपार) बताए। इनके साथ दो अपचारी बालक भी मौजूद थे।
तलाशी में चिट्टा, नकदी और वाहन बरामद
तलाशी के दौरान रवेल सिंह से 6.50 मिलीग्राम चिट्टा और ₹27,500 नकद, दिशान्त से 2.10 मिलीग्राम चिट्टा व हुंडई वरना कार, रोहित गुप्ता से 0.58 मिलीग्राम, ओमकार सिंह से 0.51 मिलीग्राम, जबकि दोनों अपचारी बालकों से क्रमशः 0.53 मिलीग्राम और 0.48 मिलीग्राम चिट्टा, एल्युमिनियम फॉयल और लाईटर बरामद किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 517/2025 के तहत धारा 27(क), 21(क)(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा चिट्टा की आपूर्ति के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है।
इसके साथ ही किशोरों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत अतिरिक्त कार्रवाई तथा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर संगठित अपराध की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

