रायपुर। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर से रायपुर होते हुए दिल्ली जाने के लिए प्रस्थान कर रहे थे। इसी दौरान चंदेरी (दामाखेड़ा) के समीप एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब एक लोहे की रॉड चलती गाड़ी के सनरूफ/मिरर क्षेत्र से टकराकर वाहन के शीशे को क्षतिग्रस्त करती हुई गाड़ी के भीतर आ गई।
बाल-बाल बचे केंद्रीय राज्य मंत्री
यदि वाहन में सनरूफ अथवा मिरर नहीं होता तो यह लोहे की रॉड सीधे चालक को लग सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के समय वाहन क्रमांक CG 04 M 7200 में सांसद तोखन साहू के साथ उनके निज स्टाफ एवं सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, केवल वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ है।
पुलिस ने जब्त की लोहे की रॉड
घटना के तुरंत बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल द्वारा संबंधित लोहे की रॉड को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना पूरी तरह आकस्मिक थी या इसके पीछे सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा कोई अन्य पहलू भी है।
फिलहाल केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उनके स्टाफ और सुरक्षा कर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

