सतना। सतना जिले में विंध्य व्यापार मेला के आयोजन स्थल बीटीआई ग्राउंड पर बने अस्थायी महिला टॉयलेट में चोरी-छिपे युवतियों का आपत्तिजनक वीडियो बनाने के सनसनीखेज मामले में कोलगवां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया था।
पुलिस ने प्रेम विहार कॉलोनी निवासी आरोपी प्रियांस गौतम को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पैसों के लालच में बनाई महिलाओं की फोटो और वीडियो
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रियांस गौतम ने खुलासा किया है कि उसे पैसों का लालच देकर विंध्य व्यापार मेला परिसर में बने महिला बाथरूम में महिलाओं की फोटो और वीडियो बनाने के लिए कहा गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसके द्वारा बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का काम फरार आरोपी ने किया।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
गौरतलब है कि 26 दिसंबर को सोशल मीडिया पर विंध्य व्यापार मेला परिसर स्थित अस्थायी महिला टॉयलेट का एक आपत्तिजनक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही शहर में सनसनी फैल गई और मेला प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए उसी रात चेंबर के पदाधिकारियों द्वारा कोलगवां थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वीडियो को दो लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था।
फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

