रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बुधवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र माओवाद का पूरी तरह उन्मूलन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि माओवाद के समूल उन्मूलन के बाद क्षेत्र के लोगों में विश्वास बहाल करना और विकास कार्यों को गति देना अत्यंत आवश्यक है। समय सीमित है, इसलिए शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन नई ऊर्जा, नई रणनीति और जनकल्याण की भावना के साथ किया जाए। अधिकारियों को उन्होंने अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीजापुर के सुदूर अंचलों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी सहित केंद्र और राज्य सरकार की सभी हितग्राही मूलक योजनाओं से प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ा जाएगा। जिले के अंतिम छोर तक शासन की योजनाएं पहुंचाने में जिला, विकासखंड और मैदानी अमले के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि माओवाद मुक्त ग्राम पंचायतों को विशेष परियोजना के तहत ‘इलवद पंचायत’ के रूप में एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत जिले के 201 गांवों को शामिल किया गया है, जहां शासकीय योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्तता और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बैठक में एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि बीजापुर जिले में अब शांति और सुरक्षा की स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है, जिससे शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पहले की तुलना में अधिक सुगमता आई है। उन्होंने कहा कि पहले और वर्तमान बीजापुर में स्पष्ट अंतर देखा जा सकता है।
पंचायत विभाग के सचिव भीम सिंह ने बताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का लगातार निराकरण किया जा रहा है और बस्तर संभाग का समग्र विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कलेक्टर संबित मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बीजापुर जिले के समग्र विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, बस्तर आयुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, संचालक अश्विनी देवांगन, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

