कटनी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में एक रिश्ते का दर्दनाक अंत सामने आया है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं होने वाली दुल्हन पर अपने ही मंगेतर की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी नाबालिग मंगेतर ने की।
जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी 20 वर्षीय सुनील आदिवासी अपनी शादी की तैयारियों के सिलसिले में खम्हरिया स्थित मंगेतर के घर आया था। बुधवार रात वह वहीं ठहरा, लेकिन गुरुवार सुबह गांव के पास उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिला। गले और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर मंगेतर से पूछताछ की। कटनी के एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवती के बयान बार-बार बदल रहे थे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
🔎 मोबाइल बना विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग ने बताया कि उसने रात में सुनील का मोबाइल फोन देखा था। उसमें किसी अन्य युवती के साथ तस्वीरें देखकर वह आक्रोशित हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर उसने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी किशोरी को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की है और उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

