दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित CISF आरटीसी कैंप से शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। 27 वर्षीय जवान मुकेश सिंह का शव कैंप परिसर में साइकिल स्टैंड के पास पार्किंग क्षेत्र में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पूरे कैंप में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में उतई थाना क्षेत्र स्थित CISF आरटीसी में पदस्थ थे। गुरुवार देर रात की इस घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब मिली, जब कैंप स्टाफ ने उनका शव लटकता देखा। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पुलिस को आशंका है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वे मानसिक तनाव में हो सकते थे। हालांकि, मौत के स्पष्ट कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटनास्थल से एक सादा कागज बरामद हुआ है, जिस पर जवान ने अपने भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस इस कागज को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही है।
उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कैंप स्टाफ और साथियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

