सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के देवनगर बीट में पदस्थ वन विभाग के एक वर्दीधारी आरक्षक के साथ मारपीट और कथित रूप से जबरन डांस करवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
चम्पकनगर नर्सरी क्षेत्र में ऑन ड्यूटी आरक्षक के साथ बदसलूकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवनगर बीट अंतर्गत चम्पकनगर नर्सरी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात वन आरक्षक सुखदेव पैकरा के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। वायरल वीडियो में युवक वर्दीधारी कर्मचारी के साथ बदसलूकी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि उसे जबरन डांस करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
घटना के दौरान एक युवती की मौजूदगी और प्रेम प्रसंग से जुड़े कयास भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डीएफओ ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, मुख्यालय अटैच
मामला सामने आते ही वन विभाग ने संज्ञान लिया। डीएफओ दुलेश्वर साहू ने आरक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना की जानकारी समय पर विभाग को न देने पर जवाब मांगा है। साथ ही उन्हें देवनगर बीट से हटाकर तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।
घटना 18 फरवरी की, अब तक थाने में शिकायत नहीं
बताया जा रहा है कि घटना 18 फरवरी की है, लेकिन करीब नौ दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित आरक्षक द्वारा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभागीय जांच जारी, कार्रवाई पर सबकी नजर
फिलहाल मामले में विभागीय जांच जारी है। अब यह देखना होगा कि क्या पीड़ित आरक्षक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराता है और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है। मामला वर्दी की गरिमा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील माना जा रहा है।


