जशपुरनगर: रामनवमी पर पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के अपने गृह निवास बगिया में चैत्र शुक्ल पक्ष रामनवमी के पावन अवसर पर परिवार सहित विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
नव कन्याओं को कराया भोजन
मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ मां दुर्गा स्वरूप नन्हीं नव कन्याओं को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद लिया।
रामनवमी महायज्ञ का आयोजन
मुख्यमंत्री निवास में चैत्र नवरात्र के अवसर पर रामनवमी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जो 25 मार्च से प्रारंभ हुआ है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम
महायज्ञ के तहत 25 मार्च को कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना और हवन, 26 मार्च को अष्टमी पूजन, 27 मार्च को नवमी पर विशेष पूजन और कन्या पूजन, जबकि 28 मार्च को दशमी के अवसर पर सहस्त्र स्नान, मूर्ति विसर्जन और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। वर्ष 1993 से लगातार आयोजित हो रहा यह महायज्ञ क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक बन चुका है।

