रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी के एक हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। तेलीबांधा पुलिस ने काशीराम नगर इलाके में घेराबंदी कर ड्रग सिंडिकेट से जुड़े एक कुरियर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 5.58 ग्राम MDMA (ड्रग) बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुणाल मंगतानी, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव के रूप में हुई है। इस गिरोह का संचालन बेहद शातिर और आधुनिक तरीके से किया जा रहा था।
जांच में सामने आया है कि इस ड्रग सिंडिकेट की कमान दिल्ली में बैठे तस्करों के हाथ में थी, जो फोन के जरिए ऑर्डर लेते थे और रायपुर में मौजूद अपने गुर्गों को सक्रिय करते थे।
आरोपी मोबाइल टैक्सी और रैपिडो राइडर के रूप में काम करते थे और इसी पेशे की आड़ में शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिना किसी शक के ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि ड्रग्स की खेप पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई और गोवा जैसे राज्यों से ट्रेन, बस और कुरियर के माध्यम से मंगवाई जाती थी। फिलहाल आरोपियों को रायपुर लाया जा रहा है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने रायपुर में कितनी बार ड्रग्स की डिलीवरी की और किन-किन लोगों को सप्लाई की। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

