दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जी मंडी से एक युवक को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहकों का इंतजार कर अवैध रूप से दवाएं बेचने की फिराक में था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास एक संदिग्ध युवक नशीली दवाओं के साथ घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
जेब से मिले 72 नशीले कैप्सूल
तलाशी के दौरान युवक के लोवर की जेब से 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर (28 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग के रूप में हुई है।
मुनाफे के लालच में कर रहा था अवैध कारोबार
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा था।
29 हजार से ज्यादा का माल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 28,800 रुपये के कैप्सूल और 960 रुपये नकद जब्त किए।
इस तरह कुल 29,760 रुपये का माल बरामद हुआ है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, भेजा गया जेल
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

