अंबिकापुर/सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शराब को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।
9 दिन तक छिपाया राज, खुद पहुंचा थाने
आरोपी मिथलेश कुजूर ने वारदात के बाद अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही दफना दिया और 9 दिनों तक इस राज को छिपाए रखा।
बाद में वह खुद थाने पहुंचा और पूरी घटना कबूल कर ली। बताया जा रहा है कि वह डर और मानसिक तनाव के कारण परेशान था।
शराब को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात मृतक बृजलाल अपने दोस्त मिथलेश के घर गया था।
इस दौरान शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, क्योंकि बृजलाल ने नवरात्रि के चलते शराब पीने से मना कर दिया।
गुस्से में लाठी-डंडे से किया हमला
विवाद के दौरान आरोपी का मोबाइल भी टूट गया, जिससे वह गुस्से में आ गया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी के साथ मिलकर घर में दफनाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर जमीन में दफना दिया, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके।
जमीन खोदकर निकाला गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया और जांच शुरू की गई।
आरोपी हिरासत में, पत्नी की भूमिका की जांच
पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर को हिरासत में ले लिया है।
साथ ही उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

