मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लिए आज का दिन विकास के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। जिला मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुल 414 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
414 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन
इस मेगा आयोजन में 152 करोड़ 02 लाख रुपये की लागत से बने 284 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 201 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत वाले 130 कार्यों का भूमिपूजन होगा।
मुख्य कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
कई जिलों के दौरे के बाद मुंगेली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह रायपुर से रवाना होकर पहले जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कलिबा पहुंचेंगे।
इसके बाद वे कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के पाण्डातराई में कार्यक्रम में शामिल होंगे और डोंगरिया में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में भाग लेने के बाद मुंगेली पहुंचेंगे।
महापुरुषों की प्रतिमाओं का करेंगे अनावरण
मुंगेली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे।
इनमें डॉ. भीमराव आंबेडकर, गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और माता कर्मा की प्रतिमाएं शामिल हैं।
सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा परियोजनाओं पर फोकस
मुख्य कार्यक्रम के दौरान सड़क निर्माण, नहर और एनीकट, मुंगेली-भटगांव रोड, लाइवलीहुड कॉलेज मार्ग, स्वामी आत्मानंद स्कूल, जल जीवन मिशन, महतारी सदन, छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन और डिजिटल सुविधा केंद्र जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुल, फुटपाथ, तालाब सौंदर्यीकरण और एसटीपी निर्माण जैसे कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।


