रायपुर। कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल और बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेगांव जंगल में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
“वनांचल क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हमारी प्राथमिकता”
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद का प्रभावी माध्यम है। राज्य सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
100 करोड़ की जल प्रदाय योजना से 66 गांवों को मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि 100 करोड़ रुपए की लागत से कुसुमघटा–बैजलपुर–राजानवांगांव समूह जल प्रदाय योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से 66 गांवों तक पेयजल पहुंचाया जाएगा, जिससे वनांचल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
शिविर के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती बालका राम किंकर वर्मा, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत CEO अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


