रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ कबीर नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के पेट्रोल-डीजल की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोनडोंगरी क्षेत्र में छापेमारी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 35 लाख 45 हजार 770 रुपए मूल्य का पेट्रोल-डीजल, डीजल टैंकर, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे सोनडोंगरी इलाके में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक बाउंड्रीवाल से घिरे खाली प्लॉट में अवैध कारोबार संचालित होता मिला।
1600 लीटर पेट्रोल और 12 हजार लीटर डीजल बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने 8 ड्रमों में करीब 1600 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रमों में 500 लीटर डीजल बरामद किया। साथ ही मोटर पंप, पाइप, टीन के बर्तन और ईंधन निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। मौके पर खड़े टैंकर क्रमांक CG07BA8727 में लगभग 12 हजार लीटर डीजल भरा हुआ मिला।
मुख्य आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया गिरफ्तार
पूछताछ में मुख्य आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया ने बताया कि वह टैंकर चालकों से कम कीमत पर पेट्रोल-डीजल खरीदकर अवैध रूप से बेचता था। जांच में सामने आया कि इंडियन ऑयल के लखौली डिपो से डीजल लेकर जाने वाले कुछ टैंकर चालक रास्ते में ईंधन निकालकर कालिया के यार्ड में बेच देते थे।
35.45 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान:
- 2.20 लाख रुपए मूल्य का पेट्रोल-डीजल एवं उपकरण
- 1.30 लाख रुपए नकद
- 31.94 लाख रुपए मूल्य का डीजल से भरा टैंकर
जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत 35,45,770 रुपए आंकी गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया (रायपुर)
- उमेश साव (बीरगांव)
- रामजी यादव (दुर्ग)
- धर्मेंद्र साव (भिलाई)
चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

