जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने धर्मांतरण के प्रयास और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पास्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम उदयबंद का है।
चमत्कारी पानी से बीमारी ठीक करने का दावा करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा इलाके में एक घर में चंगाई सभा आयोजित की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सभा में लोगों को कथित रूप से “चमत्कारी पानी” पिलाकर बीमारियां ठीक होने का दावा किया जा रहा था और ईसा मसीह व बाइबल से जुड़े साहित्य का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।
हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस कथित बयान का वीडियो भी सामने आया है। इन आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पास्टर और मकान मालिक गिरफ्तार
हिंदू संगठन की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40) और पास्टर रथराम महिलांगे (38) को गिरफ्तार कर लिया। मौके से धार्मिक साहित्य भी जब्त किया गया है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

