बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में जल्द अमीर बनाने और रकम कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने जांजगीर-चांपा के एक बुजुर्ग व्यापारी से 2 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
जल्द अमीर बनाने का दिया लालच
पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के रोगदा निवासी लहसुन-प्याज व्यापारी को आरोपियों ने कम समय में रकम कई गुना बढ़ाने और जल्द अमीर बनने का सपना दिखाया। बातचीत के दौरान व्यापारी को विश्वास में लेकर व्यापार विहार अंडा चौक क्षेत्र में 2.50 लाख रुपये ले लिए और फिर बाइक से फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया।
दुर्ग का आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्ग जिले के केलाबाड़ी निवासी हैदर अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

