मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में 17 सितंबर की शाम लाखों दीपों की रोशनी नजर आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण की 25 वर्षों की यात्रा के प्रति कृतज्ञता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति के रूप में जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस दौरान घर-घर दीप जलाने के साथ गांवों, शहरों, सरोवरों और तालाबों में भी दीपों की कतारें सजाई जाएंगी।
ग्राम पंचायतों में शुरू हुआ दीप वितरण
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। जनपद पंचायत खड़गवां, मनेन्द्रगढ़ और भरतपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में दीपों का वितरण किया जा रहा है।
पंचायतों के माध्यम से नागरिकों तक दीप पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि 17 सितंबर की शाम अधिक से अधिक परिवार सामूहिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।
आभार और शुभकामना का प्रतीक होगा दीप
हर घर में जलने वाला दीप केवल रोशनी का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि आभार, शुभकामना, सकारात्मकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संदेश देगा।
दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की मंगलकामना की जाएगी।
गांव से तालाबों तक दिखेगी रोशनी
मनेन्द्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंड के अनेक गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कटकोना, कठौतिया, बिहारपुर, खड़गवां, हरचौका, माड़ीसरई, डोमहरा, गिद्धमुड़ी, दुग्गी, उधनापुर, देवाडांड, लकड़ापारा, शिवपुर, चिरमिरी, परसगढ़ी और बेलबहारा सहित अनेक क्षेत्रों में नागरिक सामूहिक रूप से दीप जलाएंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि दीपों की रोशनी घरों तक सीमित नहीं रहेगी। जिले के विभिन्न सरोवरों और तालाबों में भी हजारों दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जल में झिलमिलाते दीप जनभागीदारी और एकजुटता का संदेश देंगे।
वृद्धाश्रमों में भी दीप प्रज्वलित कर बुजुर्गों के बीच सम्मान, अपनत्व और सहभागिता की भावना को मजबूत किया जाएगा।
प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को नमन
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जोड़ा गया है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने से लेकर 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने और वर्ष 2019 तथा 9 जून 2024 को पुनः प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने तक की उनकी सार्वजनिक यात्रा को इस अभियान के माध्यम से स्मरण किया जा रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान में लाभार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। 17 सितंबर की शाम MCB में घर-घर जलता दीप इस जनभागीदारी अभियान का संदेश देगा—एक दीप आभार का, एक दीप आशीर्वाद का और एक दीप राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के नाम।


