नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET Re-Exam 2026 रविवार को देशभर में शुरू हो गया। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा भारत के 551 शहरों के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।
AI और CCTV की निगरानी में परीक्षा
NTA के अनुसार परीक्षा की निगरानी के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। वहीं 1.38 लाख से ज्यादा CCTV कैमरों की फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लाइव मॉनिटर की जा रही है। कैमरों से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण AI तकनीक के जरिए किया जा रहा है।
लेट पहुंचे छात्रों को नहीं मिली एंट्री
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दो अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। परिजनों के अनुसार परीक्षा केंद्र जाते समय उनका एक्सीडेंट हो गया था, जिसके कारण वे निर्धारित समय से देर से पहुंचे।
NTA ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अजमेर में बुर्के को लेकर विवाद
राजस्थान के अजमेर में एक परीक्षा केंद्र पर बुर्का पहनकर पहुंची छात्रा को कथित तौर पर प्रवेश से रोके जाने का मामला सामने आया है। छात्रा कुलसुम बानो ने दावा किया कि उनसे बुर्का और दुपट्टा हटाने के लिए कहा गया, जिसके बाद उन्होंने आपत्ति जताई।
हालांकि इस मामले को लेकर परीक्षा केंद्र प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
देशभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम
NEET Re-Exam 2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर CCTV, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग और पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा साइबर टीम और खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
NTA ने छात्रों को दी शुभकामनाएं
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। एजेंसी ने छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी है।

