गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में दिनदहाड़े एक व्यवसायी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस बनकर आए दो बदमाशों ने व्यवसायी को पिस्तौल दिखाकर अगवा कर लिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घर में घुसकर किया अपहरण
जानकारी के अनुसार ग्राम उषाढ़ निवासी गिरीश यादव घर पर किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का व्यवसाय संचालित करते हैं। रविवार दोपहर करीब 11 बजे वे घर के गलियारे में आराम कर रहे थे, जबकि उनका बेटा पंकज यादव दुकान पर मौजूद था।
इसी दौरान एक नीले रंग की कार में सवार दो अज्ञात युवक दुकान पहुंचे। दोनों ने पहले सिगरेट और पानी खरीदा तथा पंकज से उसके पिता के बारे में जानकारी ली।
पिस्तौल दिखाकर खुद को बताया पुलिस
पंकज जैसे ही अपने पिता को बुलाने घर के अंदर गया, दोनों आरोपी जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने सो रहे गिरीश यादव को उठाया और पिस्तौल दिखाकर खुद को पुलिसकर्मी बताया।
विरोध करने पर बदमाशों ने पैर में गोली मारने की धमकी दी और गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
CCTV में कैद हुई घटना
अपहरण की पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी व्यवसायी को जबरन ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कार का नंबर आंशिक रूप से मिला
पीड़ित के बेटे पंकज ने बताया कि वह कार का पूरा नंबर नहीं देख पाया, लेकिन उसे नंबर प्लेट के अंतिम अंक OD 8552 दिखाई दिए थे। पुलिस अब इसी आधार पर वाहन और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 140(3), 3(5), 333, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

