रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।

17 जून को मिला था जला हुआ शव
मामला 17 जून का है, जब तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग के पास एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। घटनास्थल के आसपास घसीटे जाने के निशान मिलने पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की।
सोशल मीडिया से हुई मृतका की पहचान
मामले की सबसे बड़ी चुनौती महिला की पहचान थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने सोशल मीडिया, स्थानीय उद्योगों और सूचना तंत्र की मदद ली।
सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो के आधार पर जशपुर जिले के दो युवकों ने मृतका की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की।
प्रेमी के साथ रह रही थी महिला
जांच में पता चला कि मंगरिता एक्का पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी करती थी और लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में एक व्यक्ति के साथ रह रही थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश देकर इमिलीयूस तिग्गा (45 वर्ष) को हिरासत में लिया।
शराब के दौरान हुआ विवाद, कर दी हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से मंगरिता एक्का के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला अक्सर उस पर दूसरी पत्नी रखने का शक करती थी, जिससे विवाद होता रहता था।
आरोपी के अनुसार 17 जून को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। महुआ के पेड़ के नीचे शराब पीने के दौरान बहस बढ़ गई और गुस्से में उसने महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पहचान मिटाने के लिए शव को जलाया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पेट्रोल खरीदकर शव को दूसरे स्थान पर ले गया और पहचान मिटाने के लिए आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
आरोपी गिरफ्तार
पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी इमिलीयूस तिग्गा, निवासी अमडीहा जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

