बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी 62 वर्षीय जनकराम साहू के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
स्नान के दौरान फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जनकराम साहू जेल परिसर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और सिर पास में मौजूद पत्थर से जोरदार टकरा गया। हादसे में उसे गंभीर चोट आई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन ने घायल कैदी को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटा जेल प्रशासन
कैदी की मौत के बाद जेल प्रशासन ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


