Dhamtari Murder: धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 35 वर्षीय हुलास मंडावी की कथित तौर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले में शामिल सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम डाही स्थित शीतला मंदिर के पास टॉवर के निकट 8 से 9 लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी और वहां मौजूद एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने हुलास मंडावी के साथ हाथ-मुक्कों और डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में शामिल सभी आरोपियों और सह-आरोपियों को रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में इस घटना में कुल 8 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल दो लोगों को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जबकि अन्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि हुलास मंडावी के पास शराब नहीं थी। उसने अपने साथियों से शराब मांगी, जिसके बाद उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद वह कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और उसकी मौत हो गई।
फिलहाल कुरूद पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


