Election Commission News: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने चुनावों के दौरान फेक न्यूज, AI और डीपफेक जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। इस एक दिवसीय सम्मेलन में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 260 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ से भी सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हर प्रक्रिया संविधान, निर्वाचन कानूनों और आयोग के पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी का प्रभावी प्रसार करने में मीडिया अधिकारियों की अहम भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता के मजबूत विश्वास का प्रमाण है।
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री को बड़ी चुनौती बताते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इनका प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन में मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया, ECINet, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और फेक न्यूज प्रबंधन जैसे विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। साथ ही प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

