रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनकर उभर रही है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि से ग्रामीण महिलाएं न केवल घरेलू जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय भी बढ़ा रही हैं।
सक्ती जिले की गनेशी साहू योजना की 29वीं किस्त प्राप्त कर स्वास्थ्य, पोषण और घरेलू आवश्यकताओं पर राशि खर्च कर रही हैं। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
वहीं जांजगीर-चांपा की सरिता साहू ने योजना से मिली राशि की बचत कर सिलाई कार्य शुरू किया। आज वे कपड़े सिलकर परिवार की आय बढ़ा रही हैं और अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और छोटे व्यवसायों में निवेश कर रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।
अब तक योजना के तहत 29 किस्तों में कुल ₹18,805.83 करोड़ की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। राज्य सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।


