रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जनआंदोलन का रूप ले रहा है। अभियान के तहत अतिक्रमण मुक्त कराई गई वन भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर हरित आवरण बढ़ाने और वन संरक्षण को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में जगदलपुर के परियोजना क्षेत्र फरसगांव अंतर्गत बड़े डोंगर पंचायत से लगे वन क्षेत्र में वृहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बड़ी संख्या में पौधे लगाए।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भाव भी समाज तक पहुंचाया।
अतिक्रमण मुक्त वन भूमि पर किए गए पौधरोपण से क्षेत्र में पुनर्वनीकरण, हरित आवरण में वृद्धि और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का लाभ भी मिलेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


