रायपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक और आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर के लिए निकाली गई पदयात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी हजारों श्रद्धालुओं के साथ लगभग 18 किलोमीटर की पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पंचमुखी बूढ़ा महादेव और बाबा भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पदयात्रा की शुरुआत से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के साथ भगवा ध्वज हाथ में लेकर श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा का शुभारंभ किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है। बाबा भोरमदेव पदयात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भोरमदेव केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का गौरव है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और इस पवित्र धाम के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
18 किलोमीटर तक श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत
कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक निकली पदयात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों और संस्थाओं ने जगह-जगह स्वागत शिविर लगाए। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वन विभाग, इंजीनियर एसोसिएशन, जिला प्रेस क्लब, ट्रक मालिक संघ, निजी स्कूल संघ सहित कई संगठनों ने चाय, कॉफी, शरबत, जूस, खीर-पूड़ी, फल और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की।
शिव परिवार की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष पदयात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, नंदी और शिव परिवार की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का दिया संदेश
समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता स्टॉल का अवलोकन करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
पदयात्रा में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन, स्कूली छात्र-छात्राएं और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।


