रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार पहल कर रही है। इसी क्रम में संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं का संरक्षण, कलाकारों को आर्थिक सहयोग और नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाना है।
योजना के तहत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। पात्र कलाकारों को उनकी प्रतिभा के आधार पर प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए ‘चिन्हारी पोर्टल’ में पंजीयन अनिवार्य होगा। केवल वे कलाकार पात्र होंगे जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर के पते पर पंजीकृत डाक से भेजे जा सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट और संचालनालय कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उन कलाकारों के सम्मान का माध्यम है, जिन्होंने पीढ़ियों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखा है।
उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा कलाकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।


