CG News: बिलासपुर में 11 KV हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो मजदूर, करंट लगने से मौके पर मौत
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दो मजदूरों की 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 में हुआ।
बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में दोनों आ गए।
एक मजदूर को करंट लगा तो बचाने दौड़ा साथी
हादसे के दौरान सबसे पहले भूपेंद्र साहू हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया। उसे करंट की चपेट में आता देख उसका साथी मजदूर रवि बंजारे उसे बचाने के लिए दौड़ा।
लेकिन भूपेंद्र को बचाने की कोशिश में रवि भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
करंट लगते ही मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया।
घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
दोनों मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं।
जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया गया है।
पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।


