रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों और समस्याओं को आत्मीयता से सुना। उन्होंने गांव में आवश्यक सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के विकास की सही दिशा ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों से ही तय होती है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन की घोषणा
ग्रामीणों से संवाद के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम छुई में नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास का सीधा असर ग्रामीणों के जीवन में दिखाई दे।
50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास, 35 और स्कूलों में सुविधा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उनकी बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए गए हैं और 35 अन्य स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे।
दो-तरफा संवाद की सुविधा से एक स्थान से कई स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाया जा सकेगा। इसके जरिए विषय विशेषज्ञों की कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के लिए मार्गदर्शन भी मिलेगा।
विजय शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विज्ञान और गणित जैसे विषयों को सरल एवं रुचिकर तरीके से समझाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ के तहत बालिकाओं को सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ के तहत सभी स्कूलों में बालिकाओं के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिन स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं, वहां शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी।
इसी तरह जिन गांवों में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं है, वहां मुक्तिधाम शेड निर्माण की स्वीकृति देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
PM आवास हितग्राहियों से घर पहुंचकर मिले
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम छूही में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित रंभा हठीले और होमित हठीले के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण, योजना से मिले लाभ और आवास से जुड़ी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की अपील
विजय शर्मा ने ग्रामीणों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रत्येक घर के बाहर दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दें। उन्होंने इसे देश के विकास और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर बताते हुए ग्रामीणों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


